, ,

सारनाथ में यातायात पुलिस का अभियान, दर्जनों वाहनों के काटे चालान

वाराणसी। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में सारनाथ के पंचकोशी चौराहे पर यातायात पुलिस की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर दर्जनों वाहनों का चालान किया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों को निशाने पर लिया गया।

यातायात निरीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान चौराहे से गुजरने वाले दोपहिया वाहनों की जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों के हेलमेट, सवारी की संख्या और वाहनों में लगे हॉर्न की जांच की। इस दौरान कई चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस की अचानक शुरू हुई चेकिंग से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नियमों का पालन नहीं करने वाले कई वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए दूसरे रास्तों से निकलने का प्रयास करते नजर आए। वहीं, चेकिंग के दौरान पकड़े गए वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई।

यातायात निरीक्षक अमित सिंह ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना केवल चालान से बचने का तरीका नहीं है, बल्कि यह खुद की और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करना चाहिए। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और तेज आवाज वाले हॉर्न का प्रयोग करने से भी बचना चाहिए।

उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!