वाराणसी। वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। बीते कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिससे आमजन को भीषण गर्मी और तपिश का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार सुबह से ही मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और वातावरण में नमी की कमी दर्ज की गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, सूरज की तीखी किरणों ने हालात और कठिन बना दिए। दोपहर से पहले ही गर्मी का असर साफ महसूस होने लगा और कई इलाकों में लू जैसे हालात बन गए। रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के करीब है। आर्द्रता का स्तर 24 से 37 प्रतिशत के बीच बना हुआ है, जिससे उमस भरी गर्मी का एहसास और बढ़ गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ने के कारण बादलों की सक्रियता कम हो गई है। हालांकि मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में हल्की बादल गतिविधि देखी जा रही है, लेकिन इसका असर फिलहाल पूर्वांचल तक नहीं पहुंच पा रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में आर्द्रता बढ़ने पर बादलों की वापसी संभव है, लेकिन तब तक लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।









