सोनभद्र। पुलिस ने मानव तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी शिव सिंह उर्फ रामलाल को गिरफ्तार किया गया है, जो राजस्थान का रहने वाला है और काफी समय से वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में एक नाबालिग पीड़िता को नौकरी का झांसा देकर बेचने के मामले का खुलासा हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर आगरा और अलीगढ़ में गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर 1.20 लाख रुपये में बेच दिया।
जांच में सामने आया है कि पीड़िता को अलग-अलग स्थानों पर रखा गया और उसके साथ लगातार शोषण किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई। पुलिस के अनुसार यह मामला एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है, जिसकी कड़ियां कई राज्यों तक फैली हो सकती हैं।
इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में एएचटी प्रभारी माधव सिंह और रॉबर्ट्सगंज प्रभारी रामस्वरूप वर्मा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम में उपनिरीक्षक रणजीत सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई को मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।













