नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली दौरे के समापन पर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि उनका इटली दौरा बेहद सफल रहा। उन्होंने बताया कि इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ हुई बातचीत में कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा हुई और दोनों देशों ने आपसी संबंधों को नई ऊंचाई देने का फैसला किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इटली ने अपने रिश्तों को “विशेष रणनीतिक साझेदारी” तक बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिससे आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच सहयोग को नई गति मिलेगी।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, “इटली का बहुत ही सफल दौरा खत्म हो रहा है। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ मेरी बातचीत में कई सेक्टर शामिल थे। इस दौरे का एक खास नतीजा यह था कि हमने भारत-इटली के रिश्तों को एक विशेष रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने का फैसला किया, जिससे आने वाले सालों में हमारे सहयोग को नई रफ्तार मिलेगी।”
प्रधानमंत्री मोदी ने इटली सरकार और वहां के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें इटली की जनता से हमेशा स्नेह और दोस्ती मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री मेलोनी, इटली सरकार और इटली के लोगों को गर्मजोशी भरे स्वागत और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।









