लखनऊ। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में बुधवार को लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में संगठन का स्थापना दिवस, पत्रकार सम्मान समारोह एवं महा अधिवेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में देश के 17 राज्यों से बड़ी संख्या में पत्रकार, संपादक और मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मंच पर मौजूद अतिथियों ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा अधिनियम को लेकर सकारात्मक रुख अपनाने की बात भी कही।
इस अवसर पर मिर्जापुर जिला अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने मंच से पत्रकारों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि लोकतंत्र के अन्य तीन स्तंभ—कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका—को मजबूती मिली है, लेकिन चौथे स्तंभ पत्रकारिता की लगातार उपेक्षा हो रही है। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को दोहराते हुए कहा कि आज भी पत्रकार असुरक्षित माहौल में काम करने को मजबूर हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने संगठन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 राज्यों में संगठन का विस्तार पत्रकारों की एकजुटता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर हो रहे हमलों और फर्जी मुकदमों के खिलाफ संगठन लगातार संघर्ष करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन जिलों में प्रेस क्लब नहीं हैं, वहां सरकार को जल्द से जल्द निर्माण कराना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से पत्रकारों को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए, जिनमें पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने, निःशुल्क स्वास्थ्य व दुर्घटना बीमा, सेवानिवृत्त पत्रकारों के लिए मासिक पेंशन, डिजिटल पत्रकारों को मान्यता कार्ड और महिला पत्रकारों के लिए अलग प्रकोष्ठ के गठन की मांग शामिल रही।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने सभी अतिथियों और 17 राज्यों से आए प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मिर्जापुर से जिला महासचिव कृष्णा कुमार सिंह, जिला सचिव सीमा सिंह और जिला संगठन मंत्री अभिषेक मोदनवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।













