वाराणसी। कचहरी विस्तारीकरण की मांग को लेकर बुधवार को बनारस बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व में पारित प्रस्ताव के तहत अपराह्न 3 बजे बनारस क्लब के सामने कर्पूरी ठाकुर पार्क से जुलूस निकाला गया, जिसके बाद धरना-प्रदर्शन और सभा आयोजित की गई।
सभा में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर मांग उठाई कि बनारस क्लब, उद्यान विभाग और कमिश्नर बंगले को तत्काल खाली कराकर वाराणसी न्यायालय को सौंपा जाए, ताकि कचहरी का विस्तार किया जा सके। उनका कहना था कि मौजूदा व्यवस्था में जगह की कमी के कारण अधिवक्ताओं और वादकारियों दोनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि कचहरी विस्तारीकरण केवल अधिवक्ताओं का मुद्दा नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। इसके लिए राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को भी जोड़ने की रणनीति बनाई जा रही है।
सभा में बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए। प्रमुख रूप से सतीश कुमार यादव, सौरभ पांडेय, सुमित उपाध्याय, संदीप मौर्य, विकास गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार सिंह, पूनम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ और पूर्व पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ल एडवोकेट ने की, जबकि संचालन महामंत्री सुधांशु मिश्रा एडवोकेट ने किया।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज और व्यापक किया जाएगा।













