मीरजापुर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से मंगलवार को भरपुरा स्थित शारदा लॉन में किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में चलाए जा रहे “लोजपा चली गांव की ओर” अभियान के तहत आयोजित हुआ। सम्मेलन में किसानों, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट धर्मेंद्र मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता एवं संयोजन किसान मोर्चा पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजीव पांडे ने किया। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, किसान और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र मिश्रा ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) किसानों, दलितों और मजदूरों की आवाज बनने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान के विचारों को आगे बढ़ाते हुए पार्टी गांव-गांव पहुंचकर किसानों की समस्याओं को उठाएगी और उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी अब अपने कार्यकर्ताओं को नेतृत्व देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के कार्यकर्ता प्रत्येक गांव में चौपाल लगाकर किसानों को पार्टी की नीतियों से जोड़ेंगे और जनसंपर्क अभियान को तेज करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक संजीव पांडे ने कहा कि चिराग पासवान के निर्देश पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार अभियान को और गति दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की विचारधारा और किसान हितों से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण कुमार सिंह ‘गुड्डू’ ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को जिले से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं महिला प्रकोष्ठ की प्रधान महासचिव सीमा सिंह ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के मुद्दों पर पार्टी की सक्रिय भूमिका का भरोसा दिलाया। मिर्जापुर महिला जिलाध्यक्ष सीमा सिंह ने बताया कि जिले में विधानसभा और बूथ स्तर तक महिला टीमों का गठन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में किसान मोर्चा के प्रदेश महासचिव शांति सिंह, प्रदेश सचिव सपना भारती, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीत कुमार सिंह, अरुण कुमार दुबे, भदोही महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष निशा सिंह, सोनभद्र महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रूपमती पासवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के समापन पर संगठन को मजबूत बनाने और किसानों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।













