मीरजापुर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से मंगलवार को मझवा विधानसभा क्षेत्र में ‘दलित चौपाल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पूर्वांचल प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान दलित समाज के अधिकार, सामाजिक भागीदारी और संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पासी-पासवान समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) स्वर्गीय रामविलास पासवान के सिद्धांतों और विचारों पर चलते हुए दलित, पिछड़े और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित कर उसके सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने का आह्वान किया।
राजीव पासी ने कहा कि कौशाम्बी से शुरू हुई ‘दलित चौपाल’ यात्रा अब मीरजापुर पहुंच चुकी है और आने वाले समय में इसे प्रदेश के सभी जनपदों, ब्लॉकों और पंचायतों तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सदस्यता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को उसके गौरवशाली इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी है।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने बताया कि दलित समाज की समस्याओं, सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर लगातार जनसंवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और समाज के अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री धनंजय दुबे, प्रदेश महासचिव आशुतोष सिंह गहरवार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेश पांडेय, मिर्जापुर जिलाध्यक्ष सभाशंकर दुबे, आशीष पटेल, उत्कर्ष सैनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ किया गया।









