वाराणसी। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के दावों के बीच लक्सा थाना क्षेत्र स्थित पीडीआर मॉल के सामने अवैध अतिक्रमण और कथित अवैध ऑटो व ई-रिक्शा स्टैंड संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पीडीआर मॉल के सामने चौड़ी सड़क होने के बावजूद सड़क किनारे ऑटो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। आरोप है कि यहां नियमित रूप से अवैध स्टैंड का संचालन किया जा रहा है, जिससे राहगीरों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रही। उनका आरोप है कि कुछ समय के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन बाद में स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।
स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि स्टैंड पर मौजूद कुछ असामाजिक तत्व यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और क्षेत्र का माहौल खराब करते हैं। लोगों का कहना है कि धार्मिक और पर्यटन नगरी काशी की छवि को ऐसी गतिविधियां प्रभावित कर रही हैं।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस कमिश्नरेट और नगर प्रशासन से मांग की है कि पीडीआर मॉल के सामने सड़क पर हो रहे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और कथित अवैध स्टैंड संचालन की निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आम लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यातायात और कानून-व्यवस्था संबंधी परेशानियां और बढ़ सकती हैं।













