वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के तत्वावधान में शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार, कचहरी वाराणसी में प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय नेता एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने की। सम्मेलन को पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष प्रीति उपाध्याय, प्रदेश प्रधान महासचिव सीमा सिंह तथा मिर्जापुर जिला अध्यक्ष सीमा सिंह ने भी संबोधित किया।
पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष प्रीति उपाध्याय ने कहा कि पार्टी पूर्वांचल में संगठन को लगातार मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और वर्ष 2027 में पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
प्रदेश प्रधान महासचिव सीमा सिंह ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान को गति देने और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। वहीं मिर्जापुर जिला अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि पार्टी को जिले के प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचाया जाएगा तथा गरीबों, युवाओं और वंचित वर्गों के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
मुख्य अतिथि अरुण भारती ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) गरीबों, दलितों, पिछड़ों और युवाओं की आवाज है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल हुए।













