मिर्जापुर। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास की महिला जिला अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल विंध्यवासिनी धाम पहुंचा, जहां सभी ने मां विंध्यवासिनी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि और संगठन की मजबूती की कामना की। दर्शन-पूजन कार्यक्रम के दौरान धाम परिसर में धार्मिक आस्था और संगठनात्मक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष चिंतामणि मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव पांडे, प्रदेश प्रधान महासचिव विनीत कुमार पांडे, प्रदेश सचिव सपना भारती, मंडल महासचिव साधना सिंह, जिला अध्यक्ष संतोष पांडा, जिला उपाध्यक्ष बहादुर सिंह, मंडल अध्यक्ष कमलेश पांडे, मंडल उपाध्यक्ष रामसेवक पांडे, मंडल उपाध्यक्ष कृष्ण जी पांडे, मंडल सचिव कमलापुर दुबे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महिला जिला अध्यक्ष सीमा सिंह ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मां विंध्यवासिनी के दरबार में मत्था टेककर संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि विंध्यवासिनी धाम शक्ति और आस्था का केंद्र है और यहां दर्शन-पूजन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है।
सीमा सिंह ने कहा कि पार्टी सामाजिक सरोकारों के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी प्राथमिकता देती है। संगठन लगातार समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन विस्तार को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जा सके।
दर्शन-पूजन के बाद सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने, जनता के बीच सक्रिय रहने और आगामी कार्यक्रमों में पूरी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान धाम परिसर जयकारों और धार्मिक नारों से गूंजता रहा।









