लखनऊ। उत्तर प्रदेश की बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे परियोजना का सोमवार को औपचारिक रूप से लोकार्पण कर दिया गया। उन्नाव के पड़री स्थित झाऊखेड़ा रेस्ट एरिया में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया।
लोकार्पण के साथ ही यह हाईस्पीड एक्सप्रेसवे आम जनता के लिए खोल दिया गया है। इसके शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच आवागमन पहले की तुलना में काफी तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।
अब तक लखनऊ से कानपुर के बीच सड़क मार्ग से यात्रा करने में करीब ढाई से तीन घंटे तक का समय लग जाता था। लेकिन नए एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यह दूरी महज 30 से 40 मिनट में तय की जा सकेगी।
करीब 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर यातायात व्यवस्था के साथ तैयार किया गया है। इसके निर्माण से दोनों प्रमुख शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार, उद्योग तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सरकार का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा और प्रदेश में तेज रफ्तार परिवहन नेटवर्क को नई दिशा देगा।









