रामबन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों और अमरनाथ श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने वाली है। रामबन जिले में पंथ्याल को डिगडूल से जोड़ने वाली 3.5 किलोमीटर लंबी एटी-03 साउथ बाउंड टनल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इसके शुरू होने से वर्षों से हादसों के लिए बदनाम ‘खूनी नाला’ और पंथ्याल के संवेदनशील हिस्से से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
करीब 846 करोड़ रुपये की लागत से सरला प्रोजेक्ट वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित यह टनल जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसके संचालन से यात्रा का समय कम होगा, सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और हर मौसम में निर्बाध यातायात सुनिश्चित किया जा सकेगा।
वर्षों से खूनी नाला क्षेत्र भूस्खलन, चट्टान गिरने, अचानक बाढ़ और लंबे ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं के कारण यात्रियों के लिए चुनौती बना रहा है। विशेषकर मानसून के दौरान इस मार्ग पर आवाजाही कई बार बाधित हो जाती थी। नई टनल खुलने के बाद इन जोखिमों से काफी हद तक राहत मिलेगी और जम्मू-कश्मीर के बीच संपर्क अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
अधिकारियों का मानना है कि आगामी अमरनाथ यात्रा के दौरान यह टनल हजारों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और तेज यात्रा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा, जिससे यात्रा और अधिक सुचारु हो सकेगी।
स्थानीय लोगों और परिवहन व्यवसायियों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ा बदलाव बताया है। उनका कहना है कि इससे न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
सरला प्रोजेक्ट वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड के टेक्निकल मैनेजर हरीश कुंजा ने बताया कि एटी-03 साउथ बाउंड टनल का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फिलहाल फिनिशिंग और कुछ सहायक कार्य अंतिम चरण में हैं तथा अमरनाथ यात्रा से पहले इसे यातायात के लिए शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय निवासी नरेश सिंह ने कहा कि टनल बनने से अब यात्रियों को खूनी नाला जैसे खतरनाक मार्ग से नहीं गुजरना पड़ेगा। पहले इस क्षेत्र में अक्सर पत्थर गिरने और सड़क हादसों का खतरा बना रहता था, लेकिन अब सुरक्षित टनल के जरिए जम्मू और श्रीनगर के बीच आवागमन काफी आसान और सुरक्षित हो जाएगा।













