चंदौली। बिहार में शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलीनगर थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 46.72 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की तथा चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में 27 जुलाई को विशेष अभियान चलाया गया। आरपीएफ डीडीयू से मिली सूचना के आधार पर लोको कॉलोनी स्थित लोको ग्राउंड के पास सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान चार संदिग्धों को रोककर तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई, जिसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के रोहतास जिले के कुन्दन कुमार (19), शैलेन्द्र कुमार सिंह (37), मोहन पासवान (42) और जितेन्द्र कुमार सिंह (40) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे उत्तर प्रदेश के विभिन्न शराब ठेकों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर ट्रेनों के माध्यम से बिहार ले जाते थे, जहां शराबबंदी के कारण उसे अधिक कीमत पर बेचते थे।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 46.72 लीटर शराब बरामद की है। बरामद शराब में 83 ब्लू लाइम देशी शराब के टेट्रा पैक, 48 ‘8 PM’, 36 ‘After Dark’ तथा 20 ‘Royal Stag’ अंग्रेजी शराब की बोतलें शामिल हैं।
इस मामले में थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 467/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।













