मीरजापुर। हिमालय परिवार संगठन ने मीरजापुर की कुमारी सीमा सिंह को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें काशी प्रांत महिला विभाग का सह प्रचार प्रमुख नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति संगठन के विस्तार और महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
यह नियुक्ति हिमालय परिवार संगठन के संरक्षक एवं संस्थापक तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार के मार्गदर्शन में की गई है। संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय महामंत्री नीलेश जी के निर्देश, क्षेत्रीय महामंत्री (काशी क्षेत्र) मुकेश पांडेय की अनुशंसा तथा काशी प्रांत अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय की स्वीकृति के बाद यह दायित्व सौंपा गया।
काशी प्रांत महिला विभाग की प्रांत अध्यक्ष डॉ. प्रीति उपाध्याय ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए विश्वास जताया कि कुमारी सीमा सिंह संगठन की विचारधारा और कार्यपद्धति के अनुरूप कार्य करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए उनके अनुभव और सक्रियता का लाभ मिलेगा।
मीरजापुर निवासी कुमारी सीमा सिंह लंबे समय से सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं। उनकी नियुक्ति की खबर सामने आने के बाद संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
संगठन की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि कुमारी सीमा सिंह अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए महिला विभाग को नई दिशा देंगी और संगठन की रीति-नीति के अनुरूप जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार को मजबूत करेंगी।
इस नियुक्ति को मीरजापुर सहित पूरे काशी प्रांत में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।













