पखांजूर। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे घने जंगलों में चल रहे माओवादियों के गुप्त हथियार निर्माण केंद्र का सुरक्षा बलों ने बड़ा खुलासा किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान जवानों ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। बाद में पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
बताया गया कि यह कार्रवाई आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। सूचना थी कि काकूर थाना क्षेत्र के जंगलों में माओवादी जमीन के भीतर हथियार और विस्फोटक छिपाकर रखे हुए हैं तथा वहीं गुप्त रूप से निर्माण कार्य भी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही गडचिरोली पुलिस, नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, बीडीडीएस और विशेष अभियान दल की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटों की तलाशी के बाद जवानों को जंगल के भीतर छिपाकर रखा गया हथियारों का जखीरा मिला।
बरामद सामग्री में विस्फोटक पदार्थ, हथियार बनाने के उपकरण और अन्य संदिग्ध सामान शामिल थे। सुरक्षा बलों ने किसी भी खतरे को देखते हुए पूरी सामग्री को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्र में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है और माओवादियों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।









