वाराणसी। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के जन्मदिन के अवसर पर 95वीं बटालियन सीआरपीएफ और सृजन सामाजिक विकास न्यास की ओर से महमूरगंज स्थित शिवाजी नगर पार्क में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं गंगा हरितिमा अभियान उत्तर प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया।
विधायक ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने पौधारोपण अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने अभियान में शामिल समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों और 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आरएस बालापुरकर समेत जवानों का आभार जताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कमांडेंट आरएस बालापुरकर ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की भी अपील की।
फलदार और फूलदार पौधे लगाए गए
विशिष्ट अतिथि सुगंधा श्रीवास्तव ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने पौधारोपण को केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी बताया।
संस्था अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शिवाजी नगर पार्क को अधिक हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के फलदार और फूलदार पौधे लगाए गए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छता को भी प्राथमिकता देने की बात कही।
लोगों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान प्रवीण कुमार सिंह सहित सैकड़ों समाजसेवियों, स्थानीय नागरिकों और सीआरपीएफ जवानों ने पौधारोपण अभियान में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में पार्क परिसर में केक काटकर विधायक सौरभ श्रीवास्तव का जन्मदिन मनाया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें सम्मानित कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













