चंदौली। जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कार्रवाई करते हुए सदर प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह को कार्य में लापरवाही के चलते लाइन हाजिर कर दिया। इसके बाद बिंदेश्वरी प्रसाद पांडेय को सदर कोतवाली का नया प्रभार सौंपा गया है।
शनिवार को नवागत प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी प्रसाद पांडेय ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों की मंशा के अनुरूप कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी और अपराधियों व तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से सुना जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण किया जाएगा।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने विशेष रूप से पुलिस की सतर्कता पर जोर दिया। बाजारों में गश्त बढ़ाने, स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले सभी फरियादियों, खासकर महिलाओं और बालिकाओं के साथ विनम्र और मित्रवत व्यवहार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









