रायगढ़। आईपीएल फाइनल GT और RCB मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक संगठित गिरोह का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत साइबर थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में दबिश देकर गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि वे अपने साथियों रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा सिंडिकेट चला रहे थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य ठिकाने से 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन बरामद की। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी साहिल अग्रवाल मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के तकनीकी साक्ष्य भी मिले हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल के खिलाफ पहले भी ऑनलाइन सट्टे से जुड़ा मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।









