रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, चार मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आईपीएल सट्टे से अर्जित करोड़ों रुपये की ब्लैक मनी को हवाला नेटवर्क के जरिए व्हाइट किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क का मुख्य आरोपी करन चौधरी है, जो रायगढ़, रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और दिल्ली तक फैले ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसके साथ पुष्कर अग्रवाल और सुनील कुमार अग्रवाल ब्लैक मनी को हवाला चैनल के जरिए वैध बनाने का काम कर रहे थे।
मामले की शुरुआत 26 अप्रैल को हुई, जब साइबर सेल और पुलिस टीम ने रायगढ़ शहर और घरघोड़ा क्षेत्र में एक साथ छापेमारी कर छह लोगों को ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेलाते हुए पकड़ा था। उस समय मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और नकदी बरामद हुई थी। पूछताछ और डिजिटल जांच में करन चौधरी तथा उसके नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने निजी बैंक खातों के बजाय कर्मचारियों और परिचितों के बैंक खातों तथा मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे, ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके। पुलिस ने टेक्निकल इनपुट, कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत पड़ताल की।
पुलिस ने कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट में छापेमारी कर सुनील अग्रवाल के पास से 50 लाख रुपये नकद और नोट गिनने की मशीन बरामद की, जबकि पुष्कर अग्रवाल के कब्जे से 52 लाख 60 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार इस नेटवर्क की अहम कड़ी है, जो करन चौधरी के साथ मिलकर रायगढ़, सक्ती, खरसिया और रायपुर में ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) के तहत भी कार्रवाई की है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध से जुड़े किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा और आर्थिक अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।













