चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चकनौदार गांव में मंगलवार की रात अचानक हुए गैस सिलेंडर विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। भरत यादव के घर में रखा घरेलू सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार किशोर घायल हुए, जबकि घटना की खबर सुनकर गांव लौट रही एक महिला सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात के समय घर के भीतर अचानक गैस रिसाव होने लगा। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि कमरे का टीन शेड हवा में उछल गया और मकान की दीवारों में कई जगह दरारें पड़ गईं। आसपास के घरों तक कंपन महसूस होने से लोग दहशत में बाहर निकल आए।
विस्फोट के तुरंत बाद घर में आग भी लग गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी व पाइप की मदद से आग बुझाने में जुट गए। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना में जोगिंदर, राहुल, शिवम और शुभम घायल हो गए। सभी किशोरों को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार स्थानीय स्तर पर कराया गया। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद भरत यादव के भाई की पत्नी अपने मायके से गांव लौट रही थीं। रास्ते में उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने गैस एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सिलेंडर की जांच और मुआवजे की मांग की है। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग गैस सिलेंडरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं।









