चंदौली। जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र स्थित इटवा गांव में कथित अवैध धर्मांतरण की सूचना पर पुलिस ने प्रार्थना सभा में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि सभा के दौरान लोगों को धार्मिक साहित्य वितरित कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्णमुरारी शर्मा के निर्देशन में सकलडीहा पुलिस ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मौके पर 50 से अधिक महिला और पुरुष मौजूद मिले। पुलिस का कहना है कि माइक के माध्यम से धार्मिक प्रचार किया जा रहा था और प्रचार सामग्री वितरित की जा रही थी।
छापेमारी में बरामद सामग्री
पुलिस ने मौके से सात बाइबिल, 50 धार्मिक पुस्तकें, 200 प्रचार पंपलेट, एक होम थिएटर, दो माइक, एक मारुति सुजुकी जेन कार और दो मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजेश मौर्य और कमलेश कुमार (इटवा, चंदौली), अजीत कुमार (धानापुर, चंदौली), धीरज सिंह (गाजीपुर), गुड्डू (चितईपुर, वाराणसी) तथा दिनेश कुमार पटेल (सारनाथ, वाराणसी) के रूप में हुई है।
मकान को लेकर भी जांच
पुलिस जांच में यह जानकारी सामने आई है कि जिस मकान में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी, वह जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश राम के भाई का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मकान मालिक या किसी जनप्रतिनिधि की संलिप्तता के संबंध में अभी तक कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं और इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि मामले में फंडिंग, नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।













