वाराणसी। नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को काशी दौरे पर आएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री दोपहर बाद वाराणसी पहुंचेंगे और बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे काशी समेत देश के लिए 6 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री के रात्रि विश्राम की भी योजना है, जबकि अगले दिन उनके प्रस्थान का कार्यक्रम तय किया गया है।
जनसभा को लेकर बरेका परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने हाल ही में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन मार्ग, पार्किंग, हेलीपैड और गेस्ट हाउस की तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से बरेका पहुंचेंगे। वहीं जिला प्रशासन लोकार्पण और शिलान्यास की परियोजनाओं की सूची को अंतिम रूप देने में जुटा है।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर शहर में उत्साह के साथ-साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।









