वाराणसी। नगर निगम वाराणसी ने करदाताओं की सुविधा के लिए एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू की है। इस नई व्यवस्था के तहत अब शहर के करीब 2.33 लाख भवन स्वामी घर बैठे अपने गृहकर, जलकर और सीवरकर का भुगतान व्हाट्सएप के माध्यम से कर सकेंगे। इस सेवा का शुभारंभ शनिवार को टाउनहाल में आयोजित नगर निगम सदन की बैठक के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस सुविधा के शुरू होने के साथ ही वाराणसी उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम बन गया है, जहां करदाताओं के लिए एआई आधारित व्हाट्सएप टैक्स भुगतान सेवा उपलब्ध कराई गई है। इससे नागरिकों को निगम कार्यालय जाने और लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि करदाता अपने व्हाट्सएप से 86018 72601 नंबर पर “Hi” भेजकर इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। चैटबॉट द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने पर कुछ ही मिनटों में कर संबंधी विवरण मोबाइल स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा। इसके बाद उपभोक्ता ऑनलाइन भुगतान कर डिजिटल रसीद भी प्राप्त कर सकेंगे।
नगर निगम ने समय पर कर भुगतान को बढ़ावा देने के लिए विशेष छूट की घोषणा भी की है। 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं ऑनलाइन भुगतान करने पर 2 प्रतिशत अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी। इस प्रकार करदाताओं को कुल 12 प्रतिशत तक की राहत का लाभ मिलेगा।
इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा पद्म पुरस्कार से सम्मानित नागरिकों को गृहकर, जलकर और सीवरकर में 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। नगर आयुक्त ने बताया कि 1 अप्रैल से 6 मई के बीच कर जमा करने वाले उपभोक्ताओं की छूट राशि अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित की जाएगी।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ नागरिकों को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शहरवासियों से समय रहते कर भुगतान कर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।













