रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेशभर में तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है और मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत की संभावना बेहद कम जताई है। इस दौरान हीटवेव को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
शुक्रवार को प्रदेश का मौसम मुख्यतः शुष्क रहा, जबकि राजनांदगांव में सर्वाधिक 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सबसे ऊंचे तापमानों में शामिल है।
मौसम विभाग के अनुसार 26 अप्रैल को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की वर्षा के आसार हैं। हालांकि, इन संभावित बदलावों के बावजूद भीषण गर्मी और लू का असर बरकरार रहेगा।
राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है। शहर में हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकता है।
विशेषज्ञों ने नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर हैं, जबकि लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।













