वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाला रथयात्रा मेला इस वर्ष 19 जुलाई को श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर रथयात्रा मेला समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा भव्य रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे।
समिति के संरक्षक एवं व्यवस्थापक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘डीडी’ ने बताया कि 19 जुलाई की शाम 5 बजे पुरानी चुंगी स्थित गणेश भगवान मंदिर में महाआरती के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ रथ पर स्थापित किया जाएगा। इसके बाद रथयात्रा और मेले का शुभारंभ होगा, जो देर रात तक चलेगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए रथयात्रा मेला समिति की बैठक अध्यक्ष रामश्री मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी तैयारियों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘डीडी’, अध्यक्ष रामश्री मौर्य, अनिल मौर्य, गुलाब मौर्य, दिनेश कुमार, राजेश पंजाबी, डॉ. अशोक कुमार सिंह, आदित्य मौर्य, जितेंद्र नाथ मिश्रा, जय चंद्र सोनकर, राजेश कुमार गुप्ता, दिग्विदु मानी, गौरव कुमार सिंह, आशुतोष कुमार श्रीवास्तव, नारायण केसरी, भरोष कुशवाहा, पवन कुमार सिंह, विवेक कुमार सराफ, विकास चंद्र सिंह, विनोद मिश्रा, अनिल कुमार मिश्रा, आर.एन. सिंह, त्रिलोकी सेठ, रोहित मौर्य, मुरारी लाल गुप्ता, प्रो. कमलेश झा और अविनाश सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
रथयात्रा को लेकर शिवपुर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। समिति का कहना है कि धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।









