लखनऊ। राजधानी के विकास नगर क्षेत्र में बुधवार को भीषण आग लगने से झुग्गी बस्ती में हड़कंप मच गया। विकास नगर सेक्टर-12 स्थित रिंग रोड किनारे बसी झोपड़ियों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे कई झुग्गियां जलकर खाक हो गईं और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग एक झोपड़ी से शुरू हुई और तेज हवा के कारण तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 20 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें तैनात कर दी गई हैं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
घटना के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज एवं राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने आग लगने के कारणों की उच्च स्तरीय जांच के भी आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से रैन बसेरों में शिफ्ट किया जा रहा है और उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है। वहीं पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।













