लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए 6 से 11 जुलाई तक राज्यव्यापी विशेष जागरूकता एवं नामांकन अभियान चलाएगी। इस दौरान प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में विशेष शिविर लगाकर पात्र किसानों का पंजीकरण कराया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक गन्ना किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है, ताकि आर्थिक संकट की स्थिति में किसान परिवारों को आवश्यक सुरक्षा मिल सके।
अभियान के तहत किसानों का नामांकन प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं में कराया जाएगा। इसके लिए गन्ना विभाग के अधिकारी, समिति सचिव और गन्ना पर्यवेक्षक गांव-गांव पहुंचकर किसानों को योजनाओं की जानकारी देंगे और आवेदन प्रक्रिया में सहायता करेंगे।
इस अवधि में सभी सहकारी गन्ना विकास समिति परिसरों में विशेष सहायता एवं नामांकन केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर किसानों के दस्तावेजों का सत्यापन, पात्रता की जांच, बैंकिंग संबंधी सहायता और मौके पर ही नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस अभियान से बड़ी संख्या में किसान परिवार सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आएंगे। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार प्राप्त होगा।









