वाराणसी। यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सिगरा थाना पुलिस ने शनिवार को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डे और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने और यात्रियों को परेशान करने के आरोप में पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
यह अभियान प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के निर्देशन तथा रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच करते हुए यात्रियों से बातचीत की और उनकी शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन परिसर में यात्रियों को जबरन रोकना, उनसे अभद्रता करना, अव्यवस्था फैलाना या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पूर्वांचल के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री और बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं। इसी को देखते हुए स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में समय-समय पर विशेष सुरक्षा अभियान चलाए जाते हैं।
सिगरा पुलिस ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्टेशन परिसर, रोडवेज क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









