वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के वाराणसी-बबातपुर फोरलेन पर डीसीपी गोमती जोन कार्यालय के समीप शनिवार को तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने एक ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक घायल हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्टिगा कार तेज गति से आ रही थी, तभी उसने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस ने बताया कि घायल चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









