मीरजापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के दुबरा पहाड़ी इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। चाकूबाजी की इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
घायलों की पहचान शुभम सिंह (26) पुत्र शिवकुमार सिंह और अनिल सिंह (30) पुत्र धर्मेंद्र सिंह, दोनों निवासी दुबरा पहाड़ी, थाना विंध्याचल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुभम के शरीर पर कई स्थानों पर चाकू से वार किए गए, जबकि अनिल के सिर पर गंभीर चोट लगी है।
दोनों घायलों को तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने शुभम का इलाज शुरू कर दिया, जबकि अनिल की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही विंध्याचल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस भी मौके पर बुलाई गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे शुभम और अनिल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद दुबरा पहाड़ी क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













