चंदौली। प्लांट डिपो इंजीनियरिंग कारखाना, डीडीयू में मंगलवार को महिला रेल कर्मियों के सम्मान और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य समारोह एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कारखाना कर्मचारी कल्याण निधि समिति के तत्वावधान में जोनल ब्रिज ट्रेनिंग स्कूल परिसर में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और महिला रेलकर्मी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य कारखाना प्रबंधक एवं पीडी वारिज नयन, उप मुख्य इंजीनियर प्रीतम सिंह तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्य कार्मिक अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने की।
इस अवसर पर प्लांट डिपो के विभिन्न विभागों—संरचनाशाला, यंत्रशाला, स्टोर, एलबीडब्ल्यूपी, टीएमसी और प्रशासनिक भवन में कार्यरत 43 महिला रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मुख्य कारखाना प्रबंधक वारिज नयन ने महिला कर्मियों को उपहार भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में वारिज नयन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं का सम्मान सदैव सर्वोच्च रहा है और इसी भावना के अनुरूप प्लांट डिपो में महिला कर्मचारियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं अध्यक्षता कर रहे राजीव कुमार सिंह ने कहा कि महिला कर्मी आज कारखाने की कार्यप्रणाली की मजबूत आधारशिला बन चुकी हैं और उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
सेमिनार के दौरान महिला वक्ताओं मधु चौधरी, जान्हवी प्रिया, संयोगिता सिंह, शिवानी यादव और आरती कुमारी ने महिला सशक्तिकरण, कार्यस्थल पर चुनौतियां, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अधिशासी इंजीनियर एस.के. राय, सहायक इंजीनियर नवीन कुमार, ईसीआरकेयू के केंद्रीय सहायक महामंत्री बी.बी. पासवान, एससी/एसटी एसोसिएशन अध्यक्ष शंकर राम, सीडब्ल्यूआई मनोज कुमार, रौशन अली, एस.के. शर्मा और चंद्रिका यादव सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सम्मानित महिला कर्मचारियों में लक्ष्मी सिंह, नूपुर निधि, शीतल कुमारी, आकांक्षा कुमारी, प्रीति कुमारी, माला देवी, रौशनी सिंह, विनिता कुमारी, स्वीटी कुमारी, संध्या कुमारी, सुनिता कुमारी, कल्याणी राज, मिनतारा, पूजन कुमारी, नीलम कुमारी, नूरजहां बानो, प्रियंका कुमारी और अर्चना कुमारी प्रमुख रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रबिन्द्र कुमार ‘पहलवान’, कृष्णकांत पाल, प्रशांत कुमार, नूरुद्दीन और अजय कुमार समेत कई कर्मचारियों ने सहयोग दिया।













