वाराणसी। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने 32 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारियों की घोषणा कर दी है। यह निर्णय वाराणसी में आयोजित पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में लिया गया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर की मौजूदगी में विभिन्न जिलों की विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, आजमगढ़, मऊ, बलिया, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, हरदोई, बाराबंकी, सीतापुर और मुरादाबाद समेत कई जिले शामिल हैं।
पार्टी नेतृत्व ने सभी प्रभारियों और सह-प्रभारियों को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान चलाने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि नियुक्त पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि सुभासपा आगामी विधानसभा चुनाव में सामाजिक न्याय, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की तथा आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का आह्वान किया।









