रायपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के असर को देखते हुए सरकार ने स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में बदलाव किया है। विष्णु देव साय के निर्देश पर अब स्कूलों में अवकाश 1 मई की बजाय 20 अप्रैल से ही लागू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती गर्मी के बीच बच्चों की सेहत और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश को पहले लागू करने का निर्णय लिया गया है, ताकि बच्चों को लू और गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
स्कूल शिक्षा विभाग, महानदी भवन नवा रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पहले 1 मई से 15 जून तक निर्धारित अवकाश को संशोधित करते हुए अब 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक कर दिया गया है। यह आदेश प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों पर लागू होगा।
सरकार के इस फैसले को अभिभावकों और शिक्षकों के बीच राहत के रूप में देखा जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू का खतरा भी बना हुआ है।









