वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के ग्राम खेवली भतसार में जमीन विवाद को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है। आरोप है कि एक पक्ष द्वारा पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करते हुए विवादित भूमि पर जुताई कराई जा रही है, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार जय प्रकाश दुबे के परिजनों का आरोप है कि प्रमोद चौहान ने जय प्रकाश दुबे को बहला-फुसलाकर अपनी पत्नी के नाम जमीन की रजिस्ट्री करा ली, जबकि संबंधित भूमि का पारिवारिक बंटवारा अब तक नहीं हुआ है और उस पर अन्य भाइयों का भी दावा है। मामले की जानकारी होने पर परिवार के अन्य सदस्यों ने इसका विरोध किया।
आरोप है कि विरोध के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका।
परिजनों के अनुसार 31 मई को जंसा थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने दोनों पक्षों को निर्देश दिया था कि लेखपाल की मौजूदगी और जांच पूरी होने तक कोई भी पक्ष विवादित भूमि पर कोई कार्य नहीं करेगा। इसके बावजूद आरोप है कि अगले दिन विवादित भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई शुरू करा दी गई।
फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं। पुलिस और राजस्व विभाग की ओर से जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









