वाराणसी। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज समेत कई परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।
पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक अभ्यर्थी की गहन तलाशी, पहचान पत्र की जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। साथ ही परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर प्रभावी जांच व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और अनावश्यक भीड़ पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि पिछले दस वर्षों में नकल कराने अथवा परीक्षा संबंधी अनियमितताओं में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने समस्त पुलिस बल को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।













