वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की दशाश्वमेध थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल को महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने शनि विश्वकर्मा उर्फ शनि नाथ विश्वकर्मा (24) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से लोहता थाना क्षेत्र के धन्नीपुर का निवासी है और वर्तमान में सिगरा इलाके में किराये के मकान में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आयुक्तालय स्तर पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 29 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे केशरी गली से बुलेट चोरी की थी। मोटरसाइकिल में लॉक न होने का फायदा उठाकर वह उसे धक्का देकर अहिल्याबाई मोहल्ले की एक गली में ले गया और बाद में बेचने की योजना बना रहा था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ सिगरा थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह गिरफ्तारी गुरुवार शाम अहिल्याबाई मोहल्ले से की गई। इस सफल कार्रवाई में दशाश्वमेध चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनुज मणि तिवारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









