,

नवोदय प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए हजारों विद्यार्थी, 80 सीटों के लिए आजमाई किस्मत

चंदौली। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में दाखिले की चाह लेकर शनिवार को हजारों छात्र-छात्राओं ने चयन परीक्षा में हिस्सा लिया। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के साथ सकलडीहा इंटर कॉलेज में भी परीक्षा आयोजित की गई। सुबह से ही केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ जुटने लगी थी। चंदौली स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय की 80 सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित इस परीक्षा को लेकर बच्चों में उत्साह के साथ भविष्य की उम्मीदें भी दिखाई दीं।

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी-2027) निर्धारित समय सुबह 11:30 बजे शुरू हुई, जो दोपहर 1:30 बजे तक चली। परीक्षा शुरू होने से काफी पहले ही बच्चे अपने अभिभावकों के साथ केंद्र पर पहुंच गए थे। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की जांच की गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी गई।

जिले के अलग-अलग ब्लॉकों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर कक्षा पांच में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परीक्षा में कुल 100 अंकों के 80 प्रश्न पूछे गए। सभी प्रश्नों के उत्तर ओएमआर शीट पर भरने थे। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए नियमानुसार 40 मिनट का अतिरिक्त समय निर्धारित किया गया था।

सकलडीहा इंटर कॉलेज के बाहर परीक्षा समाप्त होने तक अभिभावक अपने बच्चों का इंतजार करते रहे। कई अभिभावक परीक्षा शुरू होने से पहले बच्चों को शुभकामनाएं देकर केंद्र के अंदर भेजते दिखाई दिए। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्सुकता के साथ कुछ घबराहट भी नजर आई। अभिभावकों को उम्मीद थी कि उनके बच्चों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश का अवसर मिलेगा।

परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई थी। केंद्र पर पर्यवेक्षकों, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती रही। परीक्षा प्रक्रिया पर अधिकारियों की नजर बनी रही, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

गौरतलब है कि जवाहर नवोदय विद्यालय आवासीय शिक्षण संस्थान हैं, जहां विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रहने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। बेहतर शैक्षणिक माहौल और सुविधाओं के कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहां प्रवेश पाने के लिए आवेदन करते हैं। इस बार आयोजित चयन परीक्षा का परिणाम मार्च-अप्रैल 2027 में घोषित होने की संभावना है।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!