वाराणसी। स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के मामले में वाराणसी ने प्रदेश के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड पर अक्टूबर 2026 की प्रगति के आधार पर जारी रिपोर्ट में वाराणसी को 0.77 कंपोजिट स्कोर मिला है। इस प्रदर्शन के साथ जनपद प्रदेश के 75 जिलों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गया है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग के लगातार पर्यवेक्षण में संचालित योजनाओं को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार माना जा रहा है। विभाग की ओर से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीबी उन्मूलन और नियमित टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से लागू करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रमुख संकेतकों में भी वाराणसी ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। सी-सेक्शन प्रसव प्रबंधन और टीबी केस नोटिफिकेशन के मामले में भी जनपद को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित निगरानी और उनके प्रभावी संचालन से विभिन्न क्षेत्रों में सुधार दर्ज किया गया है।
जिले के ग्रामीण ब्लॉकों ने भी स्वास्थ्य रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन किया है। आराजीलाइन ब्लॉक ने प्रदेश में पहला, बड़ागांव ने दूसरा और चोलापुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। चोलापुर ब्लॉक का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। सितंबर माह की रैंकिंग में आठवें स्थान पर रहने वाले चोलापुर ने अक्टूबर में पांच पायदान का सुधार करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। विभाग का लक्ष्य है कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।












