वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के तीन शिक्षकों का चयन वर्ष 2026 के लिए नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज़, इंडिया (नासी), प्रयागराज की प्रतिष्ठित सदस्यता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय की शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
बीएचयू के जनसंपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजीव प्रताप सिंह तथा वनस्पति विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार वर्मा का चयन कृषि एवं पादप विज्ञान श्रेणी में किया गया है। वहीं, सेंटर फॉर एक्सपेरिमेंटल मेडिसिन एंड सर्जरी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विभव गौतम को जैव विज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी श्रेणी में नासी की सदस्यता प्रदान की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीनों शिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान बीएचयू में हो रहे उच्चस्तरीय अनुसंधान और वैज्ञानिक योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है। साथ ही यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगी।
बीएचयू ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक और शोधकर्ता देश-विदेश में अपनी उत्कृष्ट शोध उपलब्धियों के माध्यम से संस्थान की प्रतिष्ठा को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।









