वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर रिंग रोड फ्लाईओवर पर एक ठेकेदार से नकदी और ऑनलाइन धनराशि लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार चोलापुर क्षेत्र के मुर्दहा निवासी ठेकेदार अजय कुमार यादव बरियासनपुर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक रोककर मारपीट की और 12 हजार रुपये नकद छीन लिए। आरोप है कि बदमाशों ने उनका मोबाइल लेकर फोनपे वॉलेट के जरिए 91 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने हृदयपुर अंडरपास के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश कुमार चौबे उर्फ विशाल चौबे निवासी टिसौरा बभनपुरवा, धीरज यादव उर्फ गोलू निवासी मवैया और अनिकेत यादव उर्फ गोलू निवासी मुरली के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, 2,510 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।









