वाराणसी। आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 का मंगलवार को अंतिम दिन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। 8 जून से शुरू हुई यह परीक्षा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। अंतिम दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती।
लहुराबीर स्थित Queens College परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। लहुराबीर चौकी प्रभारी विकल्य शांडिल्य पुलिस बल के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे और केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच, पहचान पत्र सत्यापन और निर्धारित नियमों के अनुरूप प्रवेश सुनिश्चित किया गया। वहीं केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए गए। परीक्षा समाप्त होने तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
अंतिम दिन परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने सफल संचालन पर संतोष व्यक्त किया। पुलिस भर्ती परीक्षा के शांतिपूर्ण आयोजन के साथ तीन दिवसीय परीक्षा प्रक्रिया संपन्न हो गई।









