पहलगाम। पहलगाम-अरु मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पर्यटकों से भरी एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें गुजरात के एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार गुजरात निवासी अशोक भाई और उनकी पत्नी नैना बेन कश्मीर घूमने आए थे। शनिवार को वे टैक्सी संख्या JK21A-0379 से अरु वैली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मंडलन क्षेत्र के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि दंपति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं वाहन चला रहे रईस अहमद भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला गया। घायल चालक को इलाज के लिए Government Medical College Anantnag रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों और गुजरात पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









