वाराणसी। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के सामने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर महिलाओं के साथ अशोभनीय हरकत और अभद्र इशारे करने का आरोप है। वहीं मौके पर मौजूद आठ अन्य युवकों को उनके अभिभावकों की मौजूदगी में चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच महिलाओं से छेड़छाड़ और अश्लील इशारे किए जाने की शिकायत मिली थी। सूचना के बाद एंटी रोमियो टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और निगरानी के दौरान शिकायत की पुष्टि होने पर कार्रवाई की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अवनीश पाण्डेय (20 वर्ष) निवासी राजवानी, थाना चौबेपुर (वाराणसी) तथा संदीप कुमार यादव (20 वर्ष) निवासी सेमरी मगरही, थाना कछवा (मिर्जापुर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिगरा थाने में मुकदमा संख्या 0310/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभियान के दौरान वहां मौजूद आठ अन्य युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में उनके अभिभावकों को बुलाया गया और भविष्य में ऐसी किसी भी हरकत से दूर रहने की सख्त हिदायत देने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं महिला सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में सिगरा थाना की एंटी रोमियो टीम द्वारा की गई।













