वाराणसी। पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हुए जानलेवा हमले के बहुचर्चित मामले में अदालत का फैसला कल आने की संभावना है। एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई पूरी हो चुकी है और दोनों पक्षों की ओर से लिखित बहस दाखिल कर दी गई है।
विशेष न्यायाधीश की अदालत में अभियोजन और बचाव पक्ष ने साक्ष्यों के आधार पर अपनी दलीलें रखीं, जिसके बाद न्यायालय ने मामले को निर्णय के लिए सुरक्षित रख लिया। अब सभी की नजरें कल आने वाले फैसले पर टिकी हैं।
घटना 4 अक्टूबर 2002 की है, जब धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ जौनपुर जा रहे थे। उसी दौरान वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित टकसाल सिनेमा के पास उन पर हमला हुआ था। आरोप है कि अभय सिंह अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे और फायरिंग की, जिसमें धनंजय सिंह सहित कई लोग घायल हो गए थे।
मामले में पुलिस ने जांच के बाद कई आरोपियों को नामजद करते हुए आरोप पत्र अदालत में प्रस्तुत किया था। फिलहाल केस अंतिम चरण में पहुंच चुका है और फैसले को लेकर कानूनी हलकों में भी हलचल तेज है।









