रायपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2015 बैच के अधिकारी विजय दयाराम के ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नए कलेक्टर के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने रविवार के शासकीय अवकाश के दिन ही पदभार संभालकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू किया।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर जिले की विशेष पहचान और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार प्रसिद्ध विष्णुभोग चावल का पैकेट भी उन्हें भेंट किया गया।
स्वागत कार्यक्रम में अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेंड्रारोड अमित बेग, जिला कोषालय अधिकारी धर्मेंद्र सोनी सहित अन्य अधिकारियों ने भी नवपदस्थ कलेक्टर का अभिनंदन करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि विजय दयाराम के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के आठवें कलेक्टर बने हैं। उनसे पहले शिखा राजपूत तिवारी, डोमन सिंह, नम्रता गांधी, ऋचा प्रकाश चौधरी, प्रियंका ऋषि महोबिया, लीना कमलेश मंडावी और डॉ. संतोष कुमार देवांगन इस पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
नवपदस्थ कलेक्टर के पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले के प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।









