लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बाजार खाला थाना क्षेत्र में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब भाजपा युवा मोर्चा के नेता चेतन तिवारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुरानी रंजिश को लेकर हुए इस हमले में चेतन तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार चेतन तिवारी बाजार खाला क्षेत्र के निवासी हैं और उनका वैभव वाजपेयी नामक युवक से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि रविवार को वैभव ने घात लगाकर चेतन तिवारी पर हमला कर दिया और उन पर लगातार गोलियां बरसा दीं। फायरिंग के दौरान दो गोलियां चेतन तिवारी की पीठ के निचले हिस्से में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भागने की कोशिश कर रहा था। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चेतन तिवारी को आनन-फानन में ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान वैभव वाजपेयी (25) पुत्र संतोष कुमार वाजपेयी निवासी मेहदीगंज के रूप में हुई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मामले में लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमले के पीछे की वजहों को विस्तार से खंगाला जा रहा है।













