नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, जबकि बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम और अधिक तीखा हो सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह लू का असर लगातार बना रहेगा। वहीं पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों तक ऊष्ण लहर की स्थिति रहने की संभावना है। इसके साथ ही 21 से 26 मई के बीच पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। राजधानी में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोगों को भीषण लू का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने 20 से 22 मई तक रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 23 मई से तापमान में हल्की गिरावट आने और मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बांदा जिले में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। आगरा, नोएडा, जालौन, बरेली, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर समेत कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कई जगह तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
भीषण गर्मी के बीच बिहार और झारखंड के लोगों को बारिश से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। पटना, पूर्णिया, भागलपुर और गया समेत कई जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में भी तेज हवाओं और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में गर्म हवाएं और शुष्क मौसम लोगों को परेशान कर रहे हैं। कई जिलों में धूल भरी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
मध्य प्रदेश में भी 25 मई तक लू का असर जारी रहने की संभावना है। भोपाल, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और इंदौर जैसे शहरों में तेज गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना भी जताई गई है।
महाराष्ट्र के अकोला, अमरावती और वर्धा जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विदर्भ क्षेत्र के नागपुर और यवतमाल समेत कई इलाकों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी और चमोली जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी बनी रहेगी। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और ऊना जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।













