चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक निजी अस्पताल के अंदर महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव स्थित जीवक हॉस्पिटल की है। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी 55 वर्षीय लक्ष्मीना अस्पताल में भर्ती थीं और उनका इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह एक युवक इलाज कराने के बहाने अस्पताल में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि वह सीधे महिला के पास पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने अस्पताल के डॉक्टर पर भी फायरिंग करने की कोशिश की, हालांकि इस दौरान कोई अन्य घायल नहीं हुआ। गोली चलने की आवाज सुनते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अस्पताल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही आकाश पटेल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि महिला की गोली मारकर हत्या की गई है तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









