रायगढ़। कोतरा रोड थाना क्षेत्र स्थित खैरपुर गांव की सीतापुर बस्ती में शुक्रवार सुबह एक 23 वर्षीय युवक की हत्या से हड़कंप मच गया। युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला, जबकि उसका सिर भारी पत्थर से कुचला गया था।
घटना की सूचना सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कोतरा रोड थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मृतक की पहचान ग्राम भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे तिलक अपने दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद शुक्रवार सुबह उसकी लाश मिलने की सूचना मिली।
ग्रामीणों के अनुसार तिलक को रात में गांव के ही एक युवक के साथ देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद या आपसी रंजिश के चलते अज्ञात आरोपियों ने उसकी हत्या की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने उन लोगों की सूची तैयार की है, जिनके साथ तिलक को आखिरी बार देखा गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













